कायमगंज। निकाय चुनाव में शांति पूर्ण मतदान कराने के लिए कड़ी सुरक्षा व्यबस्था के इंतजाम किए हैं।मतदान के दौरान परिंदा भी पर नहीं मार सकेगा। इसके लिए पुलिस और प्रशासन ने पहले ही संवेदन व अति संवेदनशील मतदेय स्थलों का चिन्हित कर लिया है। दो श्रेणियों में रखे गए संवेदनशील बूथों पर सुरक्षा की कमान पैरामिलिट्री फोर्स के हाथ होगी। वहीं पीएसी भी सुरक्षा में सहयोग करेगी।
कायमगंज नगरपालिका के अध्यक्ष व सभासदों के पद के मतदान के लिए 13 मतदान केंद्र व 36 मतदेय स्थल बनाए गए हैं। इन पर निष्पक्षता से चुनाव हो, इसके लिए सुरक्षा के भी पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। 27 ऐसे मतदेय स्थलों का चिन्हांकन किया गया है जो चुनाव की नजर से संवेदनशील हैं। इन मतदेय स्थलों को संवेदनशील व अति संवेदनशील श्रेणी में रखा गया है। इसमें 19 अति संवेदनशील व 8 संवेदनशील श्रेणी में रखे गए हैंं। इन मतदेय स्थलों पर सुरक्षा की कमान पैरामिलिट्री फोर्स व पीएसी के हवाले रहेगी। अगर कोई भी मतदान को प्रभावित करने की कोशिश करता है तो उसके खिलाफ तत्काल कार्रवाई की जाएगी।
डॉ. रामनरायन महिला डिग्री कालेज पानी टंकी पर 5 बूथ, कन्या विद्यालय पटवन गली के 2 बूथ, शिवज्ञान मंदिर गंगा दरवाजा के 2 बूथ, जूनियर हाई स्कूल जिला परिषद 3 बूथ, ब्लाक कार्यालय के 2 बूथ, प्राथमिक विद्यालय सदबाड़ा के 2 बूथ, शिवाला भवन गंगा दरवाजा 1 बूथ, कन्या प्राथमिक जूनियर स्कूल मोहल्ला पाठक के 2 बूथ, मिश्रित आबादी वाले कुल 19 बूथों को अति संवेदनशील श्रेणी में रखा गया है। इसके साथ ही क्रय-विक्रय समिति नोनियमगंज के 2 बूथ, अग्रवाल धर्मशाला पृथ्वी दरवाजा के 4 बूथ, प्राइमरी पाठशाला बजरिया रामलाल के 2 बूथों को संवेदन शील श्रेणी में रखा है। इन सभी बूथों पर सुरक्षा का जिम्मा पैरा मिलिट्री फोर्स के साथ पीएसी को दिया गया है।
एसपी अशोक कुमार मीणा ने बताया मतदान के दौरान मतदेय स्थल पर मतदाता के अलावा कोई भी प्रवेश नहीं कर सकेगा। इसके लिए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम कर लिए गए हैं। संवेदनशील और अतिसंवेदनशील बूथों पर पैरा मिलिट्री व पीएसी तैनात रहेगी। (संवाद)