फर्रुखाबाद। अमानक भवन में चल रहे क्लीनिक को एसीएमओ ने बुधवार को सील कर दिया। उसके नवीनीकरण पर भी रोक लगा दी है। बिना अनुमति मसेनी से चाचूपुर में क्लीनिक शिफ्ट कर लिया गया है।
एसीएमओ डॉ.रंजन गौतम ने बुधवार को चाचुपुर में चल रहे प्रभा क्लीनिक को मानक के अनुरूप भवन न मिलने पर सील कर दिया। गत माह इसी क्लीनिक में खून चढ़ाने के दौरान मरीज की हालत बिगड़ने पर परिजनों का डॉक्टर से विवाद हो गया था। इस पर मरीज अस्पताल से चला गया था। शिकायत पर सीएमओ ने जांच कराई तो मौके पर कोई डॉक्टर व स्टाफ भी नहीं मिला था।
एसीएमओ डॉ.सर्वेश यादव ने अपनी जांच रिपोर्ट में क्लीनिक का भवन अमानक बताया था। एसीएमओ डॉ.रंजन गौतम ने बताया कि प्रभा क्लीनिक पहले मसेनी में चल रहा था। कुछ दिन पहले ही संचालक ने चाचूपुर में शिफ्ट कर लिया था। नवीनीकरण के लिए आवेदन किया गया है। मौके पर क्लीनिक का भवन मानक के अनुरूप न मिलने से सील कर दिया गया है। मानक पूरे न होने तक नवीनीकरण पर भी रोक लगा दी है।