अमृतपुर। स्कूल में वीडियो बनाने का विरोध करने पर तीन ग्रामीणों ने प्रधानाध्यापक से गालीगलौज कर हाथापाई कर दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दो ग्रामीणों को पकड़ लिया। जबकि एक वहां से भाग गया। पुलिस ने पकड़े गए दोनों ग्रामीणों का शांतिभंग में चालान कर दिया।
थाना क्षेत्र के प्राथमिक विद्यालय महुलिया में सोमवार को प्रधानाध्यापक रामानंद लगभग 12.30 बजे अपने कक्ष में सरकारी काम निपटा रहे थे। सहायक अध्यापक अनुराग व जितेंद्र कुमार बच्चों को पढ़ा रहे थे। उसी दौरान गांव के प्रेमपाल, जगजीवन राम व एक अन्य ग्रामीण प्रधानाध्यापक के कक्ष में पहुंचे और कहा कि अभी तक बच्चों को मिडडे मील का भोजन क्यों नहीं मिला है। प्रधानाध्यापक ने बताया कि मेन्यू के अनुसार सोमवार को रोटी-सब्जी दी जाएगी। रोटी बनाने में अधिक समय लगता है। एक बजे बच्चों को खाना वितरित कर दिया जाएगा।
इस पर प्रेमपाल व जगजीवन मोबाइल से वीडियो बनाने लगे। प्रधानाध्यापक के विरोध करने पर तीनों ने गालीगलौज कर हाथापाई कर दी। कक्ष से भागकर निकले प्रधानाध्यापक ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने प्रेमपाल व जगजीवन राम को पकड़ लिया। तीसरा ग्रामीण वहां से भाग गया। पुलिस दोनों को थाने ले गई और शांतिभंग में चालान कर दिया। रामानंद स्कूल की छुट्टी के बाद बाइक से घर जा रहे थे। इस पर गांव की महिलाओं ने उनको घेर लिया। रामानंद किसी तरह बाइक तेजी से भगाकर वहां से निकल गए। उन्होंने इस मामले में थाने में तहरीर दी। एसओ संत प्रकाश ने पूरे मामले में जांच के बाद मुकदमा दर्ज करने का भरोसा दिया।