संवाद न्यूज एजेंसी
फर्रुखाबाद। यूपीएससी परीक्षा में प्रतिभाग कर 49वीं रैंक हासिल करने वाले सौरभ ने जिले का नाम रोशन किया। अपनी सफलता का श्रेय माता-पिता को देते हुए आइएएस बनने की बात कही।
कादरीगेट थाना क्षेत्र के गांव चांदपुर निवासी सतेंद्र कटियार उर्फ मीनू के पुत्र सौरभ ने यूपीएससी 2022 की परीक्षा में सफलता पाई। उन्हें देश में 49वीं रैंक मिली। सौरभ का चयन असिस्टेंट कमांडेंट के पद पर हुआ है। सौरभ ने हाईस्कूल की शिक्षा सेंट एंथोनी स्कूल से हासिल की। वहीं इंटरमीडिएट जीकेजी इंटरनेशनल स्कूल से किया।
ग्रेजुएशन, बीटेक नेताजी सुभाष चंद्र यूनिवर्सिटी ईस्ट कैंपस दिल्ली से करते हुए आगे की तैयारी की। सौरभ ने बताया कि यूपीएससी की परीक्षा पास करने के बाद जो भी जिम्मेदारी उनको दी जाएगी, उसका पूरी ईमानदारी के साथ निर्वाहन करते हुए आईएएस की तैयारी करेंगे।
अपनी सफलता का श्रेय माता सुषमा कटियार और पिता सत्येंद्र कटियार को दिया। कहा कि पिताजी ने हमेशा उनका साथ दिया और आगे बढ़ने को प्रोत्साहित किया। इसका नतीजा है कि आज वह यूपीएससी की परीक्षा को पास कर उन्हें असिस्टेंट कमांडेंट का पद मिला है।