कायमगंज। क्षेत्र में अवैध बालू खनन का खेल थम नहीं रहा है। बालू कारोबारी नए नए तरीके से रॉयल्टी चोरी कर सरकार को चूना लगा रहे हैं। पुलिस ने रविवार रात गांव रायपुर के पास बिना रसीद के बालू भरी एक ट्रैक्टर-ट्रॉली पकड़ी। खनन अधिकारी ने उसे सीज कर दिया है।
गंगा किनारे बल्लू बेहटा घाट पर 1.40 लाख घन मीटर बालू खोदने के लिए पट्टा दिया गया है। यहां से कुछ ट्रैक्टर-ट्रॉली रॉयल्टी की रसीद लेकर बालू भरते हैं तो कुछ बिना रसीद के ही बालू भर लाते हैं। इसी तरह एसआई प्रमोद कुमार ने गांव रायपुर के पास बालू भरी एक ट्रैक्टर-ट्रॉली पकड़ी तो कई राज खुलकर आए। पकड़े गए चालक के पास सुबह के समय की तो रसीद मिली इसके बाद रसीद नहीं थी। वह बिना रसीद के ही बालू लेकर जा रहा था। पुलिस ने बालू भरी ट्रॉली को कोतवाली लाकर खड़ा कर दिया। इसके बाद खनन अधिकारी को सूचना दी।
उन्होंने बालू भरी ट्रॉली को वाहन सहित सीज कर दिया। पता चला है कि एक रसीद के सहारे बालू का अवैध खनन खूब किया जा रहा है। खनन अधिकारी संजय प्रताप सिंह ने बताया कि पट्टा धारक को 1.40 लाख घन मीटर का पट्टा मिला है। इससे ज्यादा बालू नहीं उठा सकते हैं। बिना रसीद के बालू भरकर लाना राजस्व की चोरी है। फिलहाल ट्रॉली सीज की गई है। आगे मामले की जांच की जाएगी।