फर्रुखाबाद। पूर्व विदेश मंत्री सलमान खुर्शीद ने पाठ्यक्रम से मुगल इतिहास हटाए जाने पर विरोध जताया। कहा कि इतिहास पढ़ाएं या न पढ़ाएं, इतिहास ऐसा बनाएं जिससे कल उनको भी कोई पढ़ने वाला मिले। इतिहास तो इतिहास होता है। राहुल गांधी के मामले पर बोले सरकार को ऐसा उतावलापन नहीं दिखाना चाहिए था। मामला उच्च न्यायालय में भी जाएगा।
जिले में दो दिवसीय दौरे पर आए खुर्शीद ने केंद्र व उत्तरप्रदेश की सरकार को घेरते हुए पंजाब सरकार को भी आड़े हाथ लिया। पूर्व विदेश मंत्री ने कहा कि राहुल गांधी के मामले में सरकार को ऐसा उतावलापन नहीं दिखाना चाहिए था। जब सरकार को मालूम था कि यह मामला उच्च अदालत में भी जाएगा। उन्होंने कहा कि उनके मुताबिक मानहानि का मामला बनता नहीं है। लेकिन कोर्ट ने कहा तो मानना पड़ रहा है। राहुल गांधी को 2 दिन में नोटिस देकर मकान को खाली कराया जाना सरासर गलत है। सरकार को इसका परिणाम भुगतना पड़ेगा। राहुल का मात्र एक ही मंत्र है कि किसी से डरने की जरूरत नहीं है। पूर्व विदेशमंत्री ने कहा कि लोकसभा के 2024 में होने वाले चुनाव को लेकर कहा कि कांग्रेस पहले ही नुकसान उठा चुकी है। सभी दल एक न हुए तो आगे सभी को नुकसान उठाना होगा। पंजाब में चल रहे अमृतपाल के विवाद को लेकर कहा कि जो सियासत हो रही है, वह ठीक नहीं है। उससे पंजाब को बड़ा नुकसान होगा।