फर्रुखाबाद। एआरटीओ कार्यालय में आरआई व लिपिक के खिलाफ भ्रष्टाचार की जांच शासन से आरटीओ कानपुर को दी गई है। आरटीओ ने शिकायतकर्ता को नोटिस भेजकर बयान दर्ज कराने के लिए बुलाया है।
फतेहगढ़ कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला नगलादीना निवासी वकील अनूप शाक्य ने प्रधानमंत्री व राज्यपाल को एआरटीओ कार्यालय में भ्रष्टाचार को लेकर पत्र भेजा था। इसमें आरोप लगाया कि कार्यालय में भारी वाहन पटल पर तैनात लिपिक पंजीयन के नाम पर वाहन मालिकों से दस हजार रुपये प्रति वाहन वसूल कर रहे हैं। लाइसेंस व फिटनेस, वाहन ट्रांसफर के नाम पर आरआई अपने निजी लोगों से वसूली करवा रहे हैं।
राज्यपाल के विशेष सचिव के आदेश पर एडीएम सुभाष चंद्र इस मामले की जांच कर रहे हैं। वकील अनूप शाक्य ने एडीएम के यहां बयान दर्ज करवा दिए हैं। शासन से इस मामले में आरटीओ कानपुर राजेश सिंह को जांच करने के आदेश दिए हैं। आरटीओ कानपुर ने वकील अनूप शाक्य को इस प्रकरण में बयान दर्ज कराने के लिए नोटिस भेजा है।