फर्रुखाबाद। रेलवे के आवासों पर कब्जा किए गैंगस्टर के आरोपी माफिया जग्गू और चन्नू समेत पांच आवासों की बिजली व पानी काट दिया गया। लोको रोड पर अतिक्रमण कारियों का सामान भी जब्त कर लिया। रेलवे कालोनी में जहां भी अतिक्रमण मिला, सभी को ध्वस्त कर दिया गया। शाम तक कार्रवाई चलती रही।
रेलवे के सीनियर सेक्शन इंजीनियर (कार्य) वेदप्रकाश की देखरेख में आरपीएफ, जीआरपी और सिविल पुलिस ने जेसीबी, ट्रैक्टर ट्राली लेकर भोलेपुर से लोको काॅलोनी तक आतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया। पहले चेतावनी के बावजूद रेलवे की जमीन पर कब्जा किए लोगों के तखत आदि तमाम सामान जब्त कर लिया गया। यही नहीं अस्थायी अतिक्रमण को जेसीबी के ढहा दिया। इसके बाद टीम रेलवे कालोनी पहुंची।
फतेहगढ़ कोतवाल हरिश्याम सिंह की ओर से देवेंद्र सिंह यादव उर्फ जग्गू और योगेंद्र सिंह यादव उर्फ चन्नू पर गैंगस्टर का मुकदमा लिखाया गया था। जग्गू इन दिनों जेल में बंद हैं, जबकि चन्नू फरार चल है। दोनों भाई रेलवे के कई आवासों पर सालों से कब्जेदार हैं। आरपीएफ ने अधिकारियों के साथ उनके आवासों को देखा, तो ताले पड़े मिले। इसके बाद बिजली और पानी की आपूर्ति को काट दिया गया। इसके अलावा पांच आवासों की बिजली-पानी बंद कर दी गई।
आरपीएफ के प्रभारी थानाध्यक्ष अंकुश कुमार ने बताया कि जग्गू व चन्नू की ओर से कब्जे वाले मकानों में ताले पड़े मिले। कुल पांच आवासों का बिजली-पानी काट दिया गया है। यह आवास रेलवे की ओर से परित्यक्त हैं। रेलवे कालोनी में जहां भी अतिक्रमण मिला शाम तक हटवा दिया गया है। अब आगे भी कार्रवाई चलती रहेगी।