फर्रुखाबाद। डॉ. राममनोहर लोहिया जिला अस्पताल की रसोई में खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने छापा मारा। सड़े आलू मिलने पर उन्हें फिंकवाया। गंदगी मिलने पर नाराजगी जताई। टीम ने पिसी मिर्च का नमूना लेकर जांच के लिए भेजा है।
रविवार सुबह करीब साढ़े आठ बजे सहायक खाद्य आयुक्त अजय कुमार, शिवदास सिंह, डॉ. शैलेंद्र कुमार, मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी अक्षय प्रधान लोहिया अस्पताल की रसोई में अचानक पहुंच गए। कुछ ही देर में सीएमएस डॉ. अशोक प्रियदर्शी, रसोई के नोडल अधिकारी डॉ. श्रेय खंडूजा, ठेकेदार हंसराम पहुंचे। टीम को रसोई में गंदगी मिली। खाना बना रहे कर्मचारी सुरक्षा मानक भी पूरे नहीं किए थे।
इस पर नोडल अधिकारी व सीएमएस से नाराजगी व्यक्त की। टीम को रसोई में शनिवार शाम की बनी सब्जी मिल गई। इस पर नाराजगी व्यक्त कर उसे तुरंत फिंकवाया। एक कोने में कच्चे आलू रखे थे। टीम ने जब उन्हें देखा, तो उसमें काफी आलू सड़े होने से बदबू आ रही थी। टीम ने कर्मचारियों को बुलवाकर आलू को कूड़ेदान में फिंकवा दिया। यही नहीं टीम ने खाने में प्रयोग होने वाली लाल मिर्च देखी, तो वह पैकेट की बजाय खुली हुई मिली। उन्होंने उसके नमूने भी लिए। इस नमूने को जांच के लिए भेजा गया है। टीम ने सीएमएस से कहा कि यदि कंपनी के पैकेट की मिर्च हो तो कंपनी पर लिखापढ़ी होगी, मगर खुली मिर्च लाना ठीक नहीं है। सीएमएस ने बताया कि सफाई होने ही वाली थी कि टीम आ गई थी। वह व्यवस्था पूरी तरह दुरुस्त करवा देंगे। खाने की गुणवत्ता को वह खुद ही जांचते रहते हैं।