संवाद न्यूज एजेंसी
फर्रुखाबाद। हिस्ट्रीशीटर व तीन साथियों ने गांव के सेल्समैन से मारपीट कर मोबाइल व नकदी लूट ली। पुलिस ने चोरों को पकड़ लिया। रविवार को दोनों पक्षों में समझौता करवाकर मामले को रफा दफा कर दिया। वहीं, एसपी ने कार्रवाई की बात कही है। मेरापुर थाना क्षेत्र के गांव गनेशपुर निवासी विनीत कुमार गांव नगला सबल में देशी शराब के ठेके पर सेल्समैन की नौकरी करता है। वह शनिवार की रात को ठेका बंद करके घर आ रहा था। रास्ते में गांव का हिस्ट्रीशीटर व उसके तीन साथी मिले।
इन लोगों ने सेल्समैन के मुंह में कपड़ा ठूंसकर उसको पीटा और जेब में रखा मोबाइल व पांच हजार रुपये लूट लिए। सेल्समैन ने थाने में हिस्ट्रीशीटर सहित चारों लोगों के खिलाफ लूट की तहरीर दी। हरकत में आई पुलिस ने हिस्ट्रीशीटर सहित चारों लोगों को पकड़ लिया। रविवार को पुलिस ने थाने में समझौते की पाठशाला लगाई। वहां पर लूट के गुनाह को आपसी मारपीट का मामला बताकर मोबाइल, रुपये वापस कराकर हिस्ट्रीशीटर सहित सभी को छोड़ दिया। एसओ जितेंद्र चौधरी ने बताया कि मारपीट का मामला था। दोनों पक्षों ने समझौता कर लिया।
एसपी आलोक प्रियदशी ने बताया कि पूरे मामले में जांच कर कार्रवाई की जाएगी। पीडि़त सेल्समैन ने बताया कि रात में मुंह में कपड़ा ढूंसकर हिस्ट्रीशीटर और उसके साथियों ने मारपीट कर मोबाइल, नकदी लूटी थी। रविवार को पुलिस ने समझौता करवा दिया है।