राजेपुर। अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार मजदूर की मौत हो गई। पुलिस ने जांच के बाद शव का पोस्टमार्टम कराया।
थाना क्षेत्र के गांव डबरी निवासी 26 वर्ष का सरजू कुमार मजदूरी कर परिवार का भरण पोषण करता था। वह बुधवार देर रात राजेपुर से बाइक से घर की ओर आ रहा था। कस्बे में किसी अज्ञात वाहन ने सरजू की बाइक में टक्कर मार दी। उसकी मौके पर ही मौत हो गई। राहगीरों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने परिजनों को घटना के बारे में जानकारी दी।
मां माया देवी, पत्नी ज्ञान देवी व भाई आशीष व राजू मौके पर पहुंचे और दहाड़े मारकर रोने लगे। पुलिस ने जांच पड़ताल के बाद शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। सरजू के दो वर्ष का एक बेटा शिवा है। एसओ दिवाकर प्रसाद सरोज ने बताया कि तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।