फर्रुखाबाद। रेलवे स्टेशन पर ट्रेन से उतरे सेवानिवृत्त फौजी की प्लेटफार्म पर गिरकर मौत हो गई। वे कानपुर से दवा लेकर लखनऊ एक्सप्रेस से लौटे थे।
नवाबगंज थाने के गांव शुकरुल्लापुर निवासी सुनहरी लाल वाल्मीकि (55) फौज से सेवानिवृत्त हुए थे। उनकी तबीयत खराब होने पर कानपुर से इलाज चल रहा था। वे सोमवार दोपहर में लखनऊ एक्सप्रेस से स्थानीय स्टेशन पर उतरे। ट्रेन से जैसे ही प्लेटफार्म पर दो कदम चले कि अचानक गिर गए। अचेत होते ही स्टेशन अधीक्षक की सूचना पर आरपीएफ और जीआरपी पहुंच गई।
जीआरपी के सिपाही सत्यनारायण एंबुलेंस से लोहिया अस्पताल लेकर पहुंचे। वहां डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। उनके भाई ब्रजेश ने बताया कि फौज से सेवानिवृत के बाद स्टेट बैंक में गार्ड की नौकरी कर ली थी। कुछ दिन पहले उन्होंने गार्ड की नौकरी छोड़ दी थी। वे दवा लेकर कानपुर से लौट रहे थे। उनके एक पुत्र रंजीत, पुत्री सोनम व डॉली हैं। पत्नी उमा व बच्चों का रो-रो कर बुरा हाल है। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया है।