राजेपुर। चक्की पर आटा लेने जाते वक्त गोली मारकर घायल करने के मामले में देवर और देवरानी पर हत्या के प्रयास का मुकदमा दर्ज कराया गया है।
पुलिस ने दो दिन पूर्व छोटे भाई की पत्नी को गोली मारने के मामले में नामजद जेठ को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।
थाना क्षेत्र के गांव सलेमपुर में अरुण मिश्रा और उसके छोटे भाई गोविंद मिश्रा में जमीन को लेकर विवाद चल रहा है। शनिवार को गोविंद की पिटाई करते वक्त उसकी पत्नी ने वीडियो बना लिया था।
इससे खफा अरुण ने छोटे भाई की पत्नी शिवानी को गोली मार दी थी। इससे वह घायल हो गई थी। इसमें अरुण के खिलाफ हत्या के प्रयास का मुकदमा दर्ज कराया गया।
सोमवार रात अरुण की पत्नी शोभा मिश्रा पास में चक्की पर आटा लेने जा रही थी कि रास्ते में पेट में गोली मार दी गई। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई।
इस घटना में पुलिस ने शोभा की तहरीर पर देवर गोविंद और उसकी पत्नी शिवानी पर मुकदमा दर्ज कर लिया है।
थाने के दरोगा राजेश कुमार ने शहर के मोहल्ला कादरीगेट निवासी एक रिश्तेदार के यहां से अरुण को गिरफ्तार कर लिया। उसे अदालत में पेश किया, जहां से जेल भेज दिया गया।