फर्रुखाबाद। गैंगस्टर में मैनपुरी जेल में बंद बसपा नेता डॉ. अनुपम दुबे, उनके दो भाई व दो तत्कालीन चकबंदी अधिकारियों समेत 9 लोगों पर धोखाधड़ी कर फर्जी दस्तावेज बनाकर जमीन हड़पने का मुकदमा दर्ज कराया गया। वादी को जातिसूचक गालियां देकर जान से मारने की धमकी दी गई।
शहर के मोहल्ला बहादुरगंज निवासी एकलव्य कुमार ने मऊदरवाजा थाने में फतेहगढ़ के मोहल्ला कसरट्टा निवासी बसपा नेता डॉ. अनुपम दुबे, भाई अमित दुबे उर्फ बब्बन व अनुराग दुबे उर्फ डब्बन, दीवान मुबारिक के इसरार अहमद, मोहम्मदाबाद थाने के पिपरगांव निवासी रामश्याम, बजरिया सालिग्राम के राकेश, तत्कालीन चकबंदी अधिकारी सत्यप्रकाश सचान व हरिओम रस्तोगी, चकबंदी कर्ता अनिरुद्ध त्रिवेदी पर मुकदमा दर्ज कराया है। कहा कि अर्रा पहाड़पुर गांव में ज्वाला व वीरसहाय के नाम साढ़े 11 एकड़ जमीन है। आरोपियों ने जमीन हड़पने की नियत से साजिश कर फर्जी दस्तावेज तैयार कराए। इसके बाद अपने गुर्गा रामश्याम से फर्जी इकरारनामा करवा लिया। इसरार अहमद, रामश्याम अवस्थी व राकेश कुमार ने भूमि पर अवैध रूप से कब्जा करने का प्रयास किया। विरोध करने पर आरोपियों ने जातिसूचक गालियां देकर जान से मारने की धमकी दी। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।