फर्रुखाबाद। रिटायर दरोगा के फोन पर वीडियो कॉल करके अश्लील फोटो दिखाकर मिक्सिंग कर तरह-तरह से 24.14 लाख रुपये खातों में डलवा लिए गए। पीड़ित ने इस साजिश में खातेदारों, युवती, दो रिश्तेदारों समेत 15 लोगों पर मुकदमा दर्ज कराया है।
मऊदरवाजा थाने के गांव कुइया बूट निवासी रिटायर दरोगा राजवीर सिंह चौहान ने फोन करने वाली युवती सुष्मिता शर्मा उर्फ प्रिया शर्मा, सीबीआई अधिकारी आलोक वर्मा, मीडिया प्रभारी राहुल शर्मा, प्रमोद कुमार मौर्य, शिव खरवार, शिव कुमार खरवार, खाताधारक रिंकू कुमार, गुलाम अशरफ, अंकित मुखर्जी, चमन अब्बास, प्रेम प्रकाश, मंदीप, हर्ष सिकरवार, राजेपुर के हमीरपुर निवासी रिश्तेदार बड़क्का व छुटक्का उर्फ नन्हे के खिलाफ धोखाधड़ी कर रुपये ठगने का मुकदमा दर्ज कराया।
कहा कि 22 व 23 अप्रैल को प्रिया शर्मा नाम की युवती ने फोन कर बात की। गुमराह करके युवती ने दरोगा के नग्न फोटो बना लिए और वीडियो कॉल पर बात की। इसके बाद 24 अप्रैल को आलोक वर्मा ने कॉल कर सीबीआई की साइबर क्राइम में कार्यरत बताकर फोन किए। उसने अश्लील वीडियो डिलीट करवाने के लिए मीडिया प्रभारी राहुल शर्मा के मोबाइल पर बात करने के लिए कहा। बात करने पर राहुल ने 7.34 लाख रुपये मांगे। इसके बाद प्रमोद कुमार मौर्य के खाते में दो बार और एक बार शिवकुमार खरवार के खाते में रुपये डाल दिए। आलोक वर्मा ने दोबारा फोन करके अन्य अफसरों को भी समझने के लिए पांच लाख रुपये मांगे। यह रकम रिंकू कुमार और गुलाम अशरफ के खाते में ढाई-ढाई लाख रुपये डाल दी।
28 अप्रैल को फिर आलोक ने फोन करके प्रिया के आत्महत्या कर लेने की बात कही। इस मामले को निपटाने के लिए उनसे 15 लाख रुपये अलग-अलग खातों में डलवाए गए। साइबर अपराधियों ने गिरफ्तारी टीम आने की बात कहकर ठगी की। पीड़ित ने इस पूरे प्रकरण में अपने चचेरे भाई राजकुमार के ससुराली राजेपुर थाने के गांव हमीरपुर सोमवंशी निवासी बड़क्का व छुटक्का उर्फ नन्हे के शामिल होने की आशंका व्यक्त की। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।