फर्रुखाबाद। अपहरण व रंगदारी के मुकदमे में माफिया अनुपम दुबे के ब्लाॅक प्रमुख भाई सहित दो की रिमांड कोर्ट ने मंजूर कर ली है। हरदोई जेल से बब्बन को कड़ी सुरक्षा में पेशी पर लाया गया।
मोहम्मदाबाद कोतवाली क्षेत्र के गांव गाजीपुर निवासी अमरपाल सिंह ने मऊदरवाजा थाने में मथुरा जेल में उम्रकैद की सजा में बंद माफिया अनुपम दुबे, 25 हजार के इनामी फरार भाई अनुराग दुबे उर्फ डब्बन, हरदोई जेल में बंद ब्लाक प्रमुख भाई अमित दुबे उर्फ बब्बन, भाई अभिषेक दुबे उर्फ जीतू, गांव बरारिख निवासी रामसागर, अवधेश उर्फ भूरे, महेंद्र उर्फ रीशू, सोनी, गांव सहसापुर निवासी हरिभान, फतेहगढ़ निवासी सौरभ द्विवेदी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया।
इसमें अपहरण पर 10 लाख की रंगदारी मांगने का आरोप लगाया था। सोमवार को इसी मुकदमे में हरदोई जेल से अमित दुबे उर्फ बब्बन व जिला जेल से अवधेश उर्फ भूरे को सीजेएम कोर्ट में रिमांड के लिए पेश किया गया। कोर्ट ने दोनों की रिमांड मंजूर कर सुनवाई के लिए पांच सितंबर की तिथि नीयत की है।