कंपिल। दहेज में कार की मांग पूरी न होने पर वर पक्ष के लोगों ने शादी से इन्कार कर दिया। पुलिस ने एसपी के आदेश पर नौ लोगों के खिलाफ दहेज उत्पीड़न का मुकदमा दर्ज कर लिया।
थाना क्षेत्र के गांव हजरतगंज निवासी विनोद कुमार ने एसपी विकास कुमार के आदेश पर जनपद कासगंज थाना सुनगढ़ी गांव किसौल निवासी प्रमोद, भाई कृष्णपाल, नीरज, बहन पूनम, रूमा, बहनोई सुभाष, हंसराज, भाभी रेखा, चाचा रिषीपाल के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया। इसमें बताया कि एक माह पहले पचास हजार की नकदी, पांच सोने की अंगूठी व 80 हजार का सामान देकर प्रमोद के साथ बहन की शादी तय की थी। कुछ दिनों बाद ही प्रमोद कार की मांग करने लगा। मझिया शिवकुमार ने दोनों परिवार के लोगों को बैठाकर कई बार पंचायत करवाई। लेकिन प्रमोद व उसके परिवार के लोग बिना कार के शादी करने को राजी नहीं हुए। दबाव डालने पर जान से मारने की धमकी देकर गाली-गलौज किया। एसओ जितेंद्र चौधरी ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर विवेचना की जा रही हैं। (संवाद)