फर्रुखाबाद। औषधि निरीक्षक व आबकारी निरीक्षक ने शुक्रवार को याकूतगंज स्थित चार मेडिकल स्टोरों पर छापा मारा। कहीं भी दवा बिक्री के अभिलेख नहीं मिले। फार्मासिस्ट भी मौजूद नहीं था। इस पर संचालकों को नोटिस जारी किया गया है।
एडीएम सुभाष चंद्र प्रजापति के निर्देश पर औषधि निरीक्षक रजत कुमार पांडेय व आबकारी निरीक्षक गौरव सिंह टीम के साथ याकूतगंज पहुंचे। वहं प्रदीप मेडिकल स्टोर आबाद नगर, उत्कर्ष मेडिकल स्टोर, प्रकाश मेडिकल स्टोर व मरियम मेडिकल स्टोर याकूतगंज का निरीक्षण किया। जांच में पता चला कि मेडिकल स्टोर संचालक दवा बिक्री की रसीद नहीं दे रहे हैं। एक्सपायरी दवाओं का स्थान भी सुरक्षित नहीं किया गया। सफाई व्यवस्था भी ठीक नहीं थी।
छापे के दौरान झोलाछाप व कई मेडिकल स्टोर संचालक शटर गिराकर भाग गये। नर्सिंगहोम में कोई डॉक्टर व फार्मासिस्ट भी मौजूद नहीं था। औषधि निरीक्षक रजत कुमार पांडेय ने बताया कि सभी स्टोर से 10-15 प्रकार की दवाइयां के क्रय-विक्रय अभिलेख मांगे गए हैं। मरीज के परिजनों को दवा बिक्री का अभिलेख जारी नहीं किया जा रहा था। संचालकों को चेतावनी देने के साथ कारण बताओ नोटिस दिया गया है।
हालांकि नशीली दवाओं का भंडारण नहीं मिला। उन्हाेंने बताया कि बिना डॉक्टर की पर्ची के नारकोटिक्स श्रेणी की दवाओं का विक्रय करने, मरीज व उनके परिजनों को दवा बिक्री की रसीद न देने पर नियमों का उल्लंघन मानते हुए लाइसेंस निरस्तीकरण की कार्रवाई की जाएगी।