फर्रुखाबाद। शहर के लोगों के लिए अच्छी खबर है। शुद्ध वातावरण में सुबह-शाम टहलने व कुछ समय बिताने के लिए ईको पार्क का निर्माण शुरू हो गया है।
पार्क का निर्माण शहर से पांच किलोमीटर दूर रामनगर रमन्ना गुजार बाग में किया जा रहा है। वन विभाग की ओर से 10 हेक्टेयर भूमि ईको पार्क बनाया जा रहा है। इसके लिए शासन ने 32 लाख रुपये का बजट आवंटित किया है।
रामनगर रमन्ना गुलजार बाग में वन विभाग का करीब 156 हेक्टेयर में वन क्षेत्र है। शहर की संकरी गलियों में हो रही घुटन से निजात और सभी को शुद्ध हवा उपलब्ध कराने के लिए यहां ईको पार्क बनाया जा रहा है। पार्क को तीन भागों में बांटा जाएगा।
इसमें खुला मैदान व शहरी जंगल, फूलों का बागीचा व बच्चों के मनोरंजन के लिए विभिन्न तरह के झूले लगाए जाएंगे।
वन्य जीवों के लिए भी अलग से स्थान बनाया जाए। योजना के अनुसार पार्क में जंगली घास का मैदान, छायादार, कटिंग करके विभिन्न डिजाइनें बनाने वाले पौधों के अलावा औषधीय पौधे भी लगाए जाएंगे।
इन पौधों पर उनके वैज्ञानिक नाम और फायदे भी दर्ज होंगे। पार्क में टहलने के लिए इक्वाप्रेशर पाथ बनाने की भी योजना है। कई जगह झोपड़ी (हट) बनाई जाएंगी, जिनमें घूमने के बाद लोग आराम कर सकेंगे। कुछ सेल्फी प्वाइंट भी तैयार किए जाएंगे।
पार्क के एक क्षेत्र में वाटर रीचार्जिंग के लिए एक बड़ा तालाब बनेगा। इसके चारों ओर घूमने की दृष्टि से पक्के रास्ते और रोशनी की व्यवस्था की जाएगी।
बैठने केे लिए बेंचें भी होंगी। पार्क के अलावा अन्य वन्य क्षेत्र में घूमने के लिए रंगीन इंटरलॉकिंग ईंट से सड़कें बनेंगी। उनके दोनों ओर लोहे की जालियां लगाकर मनमोहक पौधे लगेंगे। वन विभाग ने मुख्यमार्ग बनाने का काम भी शुरू कर दिया है।
पार्क के अंदर सोलर लाइट की व्यवस्था होगी। ताकि सुबह और शाम को भी आने-जाने वालों को किसी तरह की परेशानी न हो। हालांकि वन विभाग बाहर से भी बिजली का कनेक्शन लेगा।
शहर से चिलसरा होकर शमसाबाद जा रहे मार्ग पर पार्क में मुख्य गेट बनेगा। इसकी डिजाइन भी अलग से तैयार की जाएगी। पार्क के नामकरण के लिए स्थानीय लोगों से सलाह ली जाएगी।
आकर्षक पार्क बनाने की योजना है। उसमें वॉच टॉवर भी बनेगा। इससे पूरे क्षेत्र पर नजर रखी जाएगी।
ओमप्रकाश सिंह, एसडीओ, वन विभाग