फर्रुखाबाद। सांसद मुकेश राजपूत ने रोडवेज बस अड्डे से हरी झंडी दिखाकर राजधानी बस सेवा को रवाना किया। एआरएम आरसी यादव ने बताया कि बस सुबह छह बजे राजधानी के लिए चलेगी और लखनऊ से शाम पांच बजे वापसी करेगी। यह मात्र तीन स्थानों पर रुकेगी।
राज्य सड़क परिवहन निगम से डिपो को राजधानी बस सेवा के नाम से एक नई बस मिली है। रविवार दोपहर करीब दो बजे सांसद मुकेश राजपूत, जिलाध्यक्ष रूपेश गुप्ता, विधायक मेजर सुनील दत्त द्विवेदी व सुशील शाक्य ने पूजन कर नारियल फोड़ा। सांसद ने फीता काटा और सभी नेताओं के साथ बस में बैठे।
एआरएम आरसी यादव ने जनप्रतिनिधियों को बताया कि यह बस सुबह छह बजे लखनऊ के लिए रवाना होगी। शाम पांच बजे लखनऊ से चलेगी। रास्ते में सवायजपुर, हरदोई और संडीला में रुकेगी। इसका किराया अन्य बसों से 10 फीसदी अधिक 270 रुपये होगा। यह बस अन्य बसों से जल्दी पहुंचेगी।
इस मौके पर केंद्र प्रभारी गौरीशंकर, शिवप्रकाश दुबे, अनूप कटियार, पंकज वर्मा, जीपी पाठक आदि थे। पहले दिन बस को हरदोई तक भेजा गया।