फर्रुखाबाद जिले के राजेपुर में ट्रक की टक्कर से ट्रैक्टर-ट्रॉली पर सवार पूर्व प्रधानाचार्य की मौके पर ही मौत हो गई। साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। उसको लोहिया अस्पताल में भर्ती कराया गया। ट्रक चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने ट्रक को कब्जे में ले लिया।
नवाबगंज थाना क्षेत्र के घुमइया रसूलपुर निवासी पूर्व प्रधानाचार्य जबर सिंह (62) सेवानिवृत्त होने के बाद खेती करने लगे। वह गुरुवार को गांव के कप्तान सिंह का ट्रैक्टर-ट्रॉली लेकर गांव के श्याम सिंह, फूल सिंह, शीशराम व बंटी के साथ जनपद शाहजहांपुर की जलालाबाद मंडी में मूंगफली बेचकर रात को दस बजे वापस आ रहे थे। कप्तान सिंह स्वयं ट्रैक्टर चला रहे थे।
कुतलूपुर गांव के पास सामने से आ रहे ट्रक ने ट्रैक्टर ट्रॉली में टक्कर मार दी। पहिए के नीचे आने से जबर सिंह की मौके पर दर्दनाक मौत हो गई। बंटी गंभीर रूप से घायल हो गया। श्याम सिंह, फूल सिंह व शीशराम के मामूली चोटें आई। चालक ट्रक को मौके पर छोड़कर भाग गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने ट्रक कब्जे में लेकर थाने में खड़ा करवाया।
गंभीर रूप से घायल बंटी को लोहिया अस्पताल में भर्ती कराया। जबर सिंह की मौत की सूचना पर भाई जय सिंह, पत्नी गुड्डी देवी, बेटा गगन, शैलेंद्र , रिंकी, रूबी, उपासना मौके पर पहुंचे। दहाड़े मारकर रोने पीटने लगे। पुत्र गगन ने अज्ञात चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया। पुलिस ने शुक्रवार को शव का पोस्टमार्टम कराया।