कायमगंज। पुजारी का शव मंदिर परिसर के ऊपर बने कमरे की छत में रस्सी के फंदे से लटका मिला। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
नगर के मोहल्ला नोनियमगंज निवासी बृजनंदन लाल (60) श्याम नगर कालोनी में बने शिव मंदिर में पांच साल से पुजारी थे। वह मंदिर में ही रहते थे। कभी-कभी अपने घर भी चले जाते थे। रविवार सुबह पूजा करने के लिए वहां श्रद्धालु पहुंचे तो पुजारी मंदिर में नहीं मिले। इस पर कुछ लोग उन्हें देखने के लिए ऊपर बने कमरे में पहुंचे। वहां पुजारी का छत में लगे कुंडे में रस्सी के फंदे से लटका मिला।
सूचना पर इंस्पेक्टर जेपी पाल व चौकी प्रभारी हरिओम त्रिपाठी व परिजन मौके पर पहुंच गए। परिजनों ने पुलिस को बताया कि बृजनंदन लाल पहले राजमिस्त्री का काम करते थे।
पुजारी की पत्नी आरती देवी ने बताया कि शनिवार को घर गए थे और खाना भी घर से लाए थे। पुजारी के पुत्र सनी (25) व सूरज (15) हैं। फोरेंसिक टीम ने पहुंचकर नमूने लिए। इसके बाद पुलिस ने शव फंदे से उतार कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।