फर्रुखाबाद। निकाय चुनाव के लिए कायमगंज स्थित पितौरा में बनाए जा रहे मतगणना स्थल का जिलाधिकारी व एसपी ने बुधवार को निरीक्षण किया। उन्होंने व्यवस्थाएं पूर्ण कराने के निर्देश दिए।
तहसील कायमगंज क्षेत्र आने वाले नगर निकाय क्षेत्रों के लिए पितौरा स्थित आदर्श इंटर काॅलेज में मतगणना स्थल बनाया जा रहा है। जिलाधिकारी संजय कुमार सिंह व पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार मीणा ने मतगणना स्थल का निरीक्षण किया। डीएम ने नगर पालिका कायमगंज, पीडब्ल्यूडी को मतगणना स्थल व स्ट्रांग रूम का ले-आउट तैयार करने के निर्देश दिए। पुलिस अधीक्षक ने सुरक्षा की दृष्टि से मतगणना स्थल के चारों तरफ सीसीटीवी कैमरा लगवाने के लिए कहा।
जिलाधिकारी ने नगर पंचायत नबाबगंज क्षेत्र का भ्रमण कर आचार संहिता के तहत की गई कार्रवाई का जायजा लिया। बिजली के खंभों पर होर्डिंग और बैनर टंके देख नाराजगी जताई। ईओ से नाराजगी जताते हुए प्रत्याशियों के बैनर पोस्टर हटाने के निर्देश दिए। नगर पंचायत कर्मियों ने मौके से प्रत्याशियों के होर्डिंग आदि हटवाए। नगला हीरा सिंह स्थित मतदान केंद्र का निरीक्षण कर मातहतों को सुधार के निर्देश दिए। एडीएम सुभाष चंद्र प्रजापति, एसडीएम संजय सिंह, तहसीलदार, ईओ आदि मौजूद रहे।
फर्रुखाबाद। कलक्ट्रेट सभागार में बुधवार को जिलाधिकारी संजय कुमार सिंह की अध्यक्षता में आरओ व एआरओ को प्रशिक्षण दिया गया। जिलाधिकारी ने कहा कि सभी आरओ व एआरओ एक बार फिर से आरओ हैंड बुक का अध्ययन कर लें। कोई समस्या होने पर जानकारी दें, उसका निस्तारण किया जाएगा। इस दौरान सीडीओ अरविंद कुमार मिश्र, एडीएम, डीडीओ योगेंद्र कुमार पाठक आदि अधिकारी मौजूद रहे।