कायमगंज। चीनी मिल में नए पेराई सत्र के शुभारंभ के लिए तैयारी जोरदारी चल रहीं हैं। मिल हाउस में लगी मशीनों में 80 प्रतिशत मरम्मत व सफाई कार्य पूर्ण हो चुका है। मिल प्रबंधन ने नवंबर के अंतिम सप्ताह तक पेराई शुरू होने की उम्मीद जताई है।
पिछले साल चीनी मिल ने 14 लाख 16 हजार क्विंटल गन्ने की खरीद कर पेराई बंद कर दी थी। किसानों से खरीदे गए गन्ने का 49 करोड़ 28 लाख 70 लाख रुपये का भुगतान भी कर दिया गया। पिछले साल 7879 किसानों ने 5118.898 हेक्टेयर में गन्ने का उत्पादन किया था। इस साल यह रकवा बढ़ा है। अब 8579 किसानों ने 5392.898 हेक्टेयर में गन्ने का उत्पादन किया है।
जीएम किशनलाल ने बताया कि चीनी की गुणवत्ता में सुधार लाने के लिए मिल हाउस में सुधार किए जा रहे हैं। इससे चीनी के साथ शीरे की गुणवत्ता भी बेहतर होगी। साथ ही ऐथेनॉल और रेक्टिफाइड स्प्रिट का उत्पादन बढ़ जाएगा। नया पेराई सत्र शुरू करने के लिए मिल संघ को 19 नवंबर की सूचना भेजी गई थी।
हाल ही बारिश होने से क्षेत्र में गन्ना काफी गिर गया। जल्दी पेराई शुरू करने से चीनी की रिकवरी घटेगी। गन्ने को कुछ दिन तेज धूप मिल जाएगी तो चीनी की बेहतर रिकवरी मिलेगी। अधिकांश मरम्मत कार्य हो चुका है। रंगाई-पुताई सहित 20 प्रतिशत काम अंतिम दौर में है।