फर्रुखाबाद। छपाई कारखानों में बंदी के दिन कानपुर से आई प्रदूषण विभाग की टीम ने अंगूरीबाग में एक छपाई कारखाने पर छापा मारा। अधिकारियों ने हॉल खुलवाकर रंगाई की मशीनों और छपाई की जांच की। टीम को काम बंद मिला। उन्होंने बंदी का सख्ती से पालन करने के निर्देश दिए।
गंगा के किनारे रामनगरिया मेले को देखते हुए शासन ने पौष पूर्णिमा के दिन नालों और छपाई कारखानों को बंद रखने के निर्देश दिए थे। बंदी का सख्ती से पालन कराने की मंशा से गुरुवार सुबह कानपुर प्रदूषण विभाग के सहायक पर्यावरण अभियंता अंकित कुमार मिश्र, गंगा प्रदूषण नियंत्रण इकाई के सुपरवाइजर डीसी दीक्षित, प्रसून पाल ने चांदपुर, खानपुर, अमेठी आदि स्थानों पर छपाई का हाल जाना।
टीम के अधिकारी ठंडी सड़क स्थित औद्योगिक क्षेत्र में भी गए। अंगूरी बाग के कुछ कारखानों में छपाई की सूचना मिली। एनआर इंटरनेशनल कारखाने में अचानक पहुंचे। उन्होंने मालिक संतोष साध को बुलाकर कपड़ा रंगाई की मशीनों को देखा। यही नहीं छपाई के हॉल भी खुलवाकर देखे।
टीम को कारखाने में काफी कपड़ा सूखता मिला। मालिक संतोष साध ने टीम को बताया कि बुधवार को धूप न होने की वजह से कपड़ा सूख नहीं पाया था। लिहाजा वही कपड़ा डलवा दिया गया है। टीम के अधिकारी अन्य कारखानों में भी जांच करने गए। उन्हें कहीं भी काम होता नहीं मिला।