फर्रुखाबाद। माफिया के इनामी भाई की पुलिस सरगर्मी से तलाश कर रही है। इसको लेकर पुलिस ने कई लोगों से पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस भाई के पुराने साथियों के बारे में पता लगा रही है।
फतेहगढ़ कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला कसरट्टा निवासी माफिया बसपा नेता डॉ. अनुपम दुबे इंस्पेक्टर हत्याकांड में मथुरा जेल में बंद है। भाई अनुराग दुबे उर्फ डब्बन पर एसपी आलोक प्रियदर्शी ने 25 हजार का इनाम घोषित कर दिया है। माफिया के इनामी भाई को पकड़ने के लिए एसपी ने कई टीमों को लगाया है। पुलिस नए सिरे से इस मामले में जांच कर रही है। अनुराग दुबे उर्फ डब्बन के करीबी लोगों के बारे में पता लगाया जा रहा है। कई लोगों से इस मामले में पूछताछ की गई।
गुरुवार रात डब्बन का गनर रहा युवक कोतवाली पहुंच गया। पुलिस ने उसको हिरासत में बैठा लिया। पकड़े गए युवक से माफिया से संबंध के बारे में जानकारी की गई। काफी देर पूछताछ के बाद पुलिस ने उसको छोड़ दिया। सूत्रों की माने तो पुलिस सरगर्मी से डब्बन की तलाश कर रही है। (संवाद)