फर्रुखाबाद। प्रापर्टी डीलर से 30 लाख की टप्पेबाजी में पुलिस के हाथ अभी भी खाली हैं। सीसीटीवी कैमरे में कैद हुए टप्पेबाजों को पुलिस की टीमें तलाश नहीं कर पाई हैं।
फतेहगढ़ कोतवाली के मोहल्ला नवदिया निवासी प्रापर्टी डीलर रामशरन पाल 10 अक्तूबर 2022 को आईसीआईसीआई बैंक में आरटीजीएस करने गए थे। उनकी कार बैंक के बाहर खड़ी थी। कार में चालक सोनू यादव बैठा था। तभी टप्पेबाज युवक ने चालक को झांसा देकर कार से 30 लाख रुपये से भरा बैग पार कर दिया था।
प्रापर्टी डीलर बैंक से आए। कार से बैग गायब देखा तो शोर मचाया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने बैंक के सामने नर्सिंग होम में लगे सीसीटीवी कैमरे खंगाले। इसमें दो टप्पेबाज वारदात को अंजाम देते हुए कैद हो गए थे। टप्पेबाजाें ने एक ही रंग के कपड़े पहने रखे थे। पुलिस ने प्रापर्टी डीलर रामशरण पाल की तहरीर पर अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया था। खुलासे के लिए एसओजी, सर्विलांस व कोतवाली पुलिस को लगाया गया था।
हैरत की बात है कि टप्पेबाजों के फोटो कैद होने के बाद उनको तलाश नहीं पाए। ऐसे में पुलिस की सक्रियता पर प्रश्नचिन्ह लग रहे है। प्रभारी कोतवाल सुदेश कुमार ने बताया कि पुलिस की टीमें काम कर रही हैं।