नवाबगंज। वृद्ध की हाथ-पैर बांधकर हत्या के मामले में पुलिस किसी नतीजे पर नहीं पहुंच सकी है। पौत्र सहित तीन युवकों से दूसरे दिन भी पुलिस पूछताछ करती रही। पास के खेत में कपड़े व बाइक की चाबी मिलने से पुलिस चोरी के बिंदु पर जांच करने लगी है।
थाना क्षेत्र के गांव सिरौली निवासी वृद्ध मेहंदी हसन (65) सोमवार रात घर के बरामदे में सो रहे थे। पौत्र नौशीन जन्माष्टमी के कार्यक्रम देखने के लिए परिवार के लोगों के साथ कस्बे में गया था। वापस आने के बाद नौशीन पास के मकान में चला गया था। देर रात को वह वापस आया तो दरवाजा अंदर से बंद पाया । नौशीन दीवार फांदकर मकान के अंदर घुसा तो बाबा मेहंदी हसन को चारपाई पर मुंह के बल पड़ा पाया। उनके हाथ व पैर बंधे थे। घर का सामान बिखरा हुआ था। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची।
पुलिस ने पुत्र सल्लू की तहरीर पर अज्ञात के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया। देर से सूचना देने के मामले में शक के घेरे में आए पौत्र नौशीन व दो अन्य युवकों को पुलिस ने हिरासत में ले लिया। छानबीन में पास के खेत में मेहंदी हसन के घर के कपड़े व बाइक की चाबी पुलिस को मिली। ऐसे में पुलिस ने हत्या व चोरी के बिंदु पर जांच शुरू कर दी है। सर्विलांस व एसओजी टीम के कायमगंज क्षेत्र में होने के कारण भी कोई सुराग निकलकर सामने नहीं आने की बात भी कही जा रही है। एसओ आमोद सिंह ने बताया कि हत्या, चोरी सहित कई अन्य बिंदुओं पर जांच की जा रही है। शीघ्र ही घटना का खुलासा कर दिया जाएगा।