फर्रुखाबाद। 10 दिन तक मारपीट के मामले में रिपोर्ट नहीं लिखे जाने आहत तारा के आत्महत्या करने के मामले में पुलिस ने युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। चौथे दिन भी मां रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए थाने के चक्कर काटती रही।
फतेहगढ़ कोतवाली क्षेत्र के गांव कुटरा निवासी तारा देवी ने चार दिन पहले कमरे में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली थी। मां पुष्पा देवी उस दौरान मायके छिबरामऊ गई हुई थी। ताऊ ने खिड़की से झांककर देखा तो भतीजी को फंदे पर लटका हुआ पाया था। ताऊ की सूचना पर मां पुष्पा देवी व पुलिस ने मौके पर जाकर जांच की थी।
मां पुष्पा देवी ने आरोप लगाया कि 23 सितंबर की रात को तारा दुकान से सामान लेने के लिए जा रही थी। उसी दौरान पड़ोसी व उसके परिजनों ने तारा के साथ मारपीट की थी। तारा के तहरीर देने के 10 दिन तक पुलिस ने सुनवाई नहीं की। इससे तंग आकर बेटी ने आत्महत्या कर ली। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में तारा के चार चोटें आने की पुष्टि की गईं।
उसके कपड़ों में पोस्टमार्टम के दौरान 23 सितंबर को दी गई तहरीर मिली थी। पुलिस ने तारा का मोबाइल कब्जे में लेकर जांच की। रविवार की रात को पुलिस ने मारपीट के आरोपी के घर दबिश देकर एक युवक को पकड़ लिया। पुलिस उसको थाने ले आई। पकड़े गए युवक से पूछताछ की जा रही है।
इंस्पेक्टर हरिगोविंद ने बताया कि महिला के आत्महत्या करने के मामले में एक युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। तथ्य उजागर होने पर मुकदमा दर्ज किया जाएगा।