संवाद न्यूज एजेंसी
कायमगंज। कोतवाली पुलिस ने गांव गढ़ी इज्जत खां में एक बेकरी के ऊपर बने आवास पर छापा मारा। पुलिस ने वहां से अवैध असलहे बरामद किया। काफी देर तक चली इस कार्यवाही से मोहल्ले में हड़कंप मचा रहा। पुलिस ने बेकरी संचालक के खिलाफ अवैध असलहे रखने के आरोप में मुकदमा दर्ज किया है।
जिले में एसपी विकास कुमार के निर्देश पर मंगलवार को अवैध असलहों की धरपकड़ अभियान चलाया गया। इस पर प्रभारी निरीक्षक जेपी पाल ने मुखबिर की सूचना पर भारी फोर्स के साथ गांव गढ़ी इज्जत खां में सुहेब बेकरी पर छापा मारा। पुलिस महिला दरोगा व कांस्टेबल के साथ पहुंची। बताए गए स्थान पर पुलिस ने बेकरी की ऊपरी मंजिल के दो कमरों में तलाशी ली।
पुलिस को सोफा और अलमारी से अवैध असलहों का जखीरा बरामद हुआ। घर में मौजूद बेकरी संचालक शाहिद मंसूरी की पत्नी मुकीमा उर्फ सीमा से महिला पुलिस ने बरामद असलहों के बारे में पूछताछ की। इस पर उन्होंने बताया कि उनके पति यह असलहे कहीं से लाए होंगे उन्हें जानकारी नहीं है। इस समय पति शाहिद घर से बाहर गए हैं। बरामद असलहों में एक रायफल 315 बोर व दो तमंचे 315 बोर के साथ 11 जिंदा कारतूस व 16 खोखे मिले।
एक तमंचा 12 बोर व नौ कारतूस जिंदा व 2 खोखे बरामद हुए। इसके अलावा एक धारदार गड़ासा, चार छुरियां बरामद हुईं। पुलिस ने बरामद असलहों को सील कर बेकरी संचालक शाहिद निवासी ग्राम गड़ी इज्जत खां के खिलाफ अवैध असलहे रखने के आरोप में मुकदमा दर्ज किया है।