फर्रुखाबाद। किसान हत्याकांड में पुलिस ने एक युवक को उठाया है। युवक का किसान के साथ प्रतिदिन नलकूप पर मिलना-जुलना था। एसओजी ने गांव के आसपास के संदिग्ध युवकों की तलाश में दबिश मारी।
फतेहगढ़ कोतवाली क्षेत्र के गांव बुढ़नामऊ निवासी किसान रामकुमार कटियार(50) का 27 सितंबर को नलकूप के बाहर शव पड़ा मिला था।
उसकी सिर पर वजनदार वस्तु से प्रहार कर हत्या की गई थी। भाई अनिल कटियार ने अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था।
पुलिस को पता चला कि नलकूप के पास जुआ खेला जाता था। गांव के ही एक मजरे का युवक प्रतिदिन रामकुमार के पास नलकूप पर आता था।
पुलिस ने गांव में छानबीन के बाद एक युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। एसओजी प्रभारी अशोक कुमार ने बुढ़नामऊ, निनौआ, राजा का नगला में कई संदिग्ध युवकों की तलाश में शुक्रवार रात दबिश दी।
सर्विलांस टीम ने घटना स्थल पर रेंज में आए मोबाइल नंबरों की सूची बनाई है। सीओ सिटी प्रदीप कुुमार सिंह ने बताया कि पुलिस की सभी टीमें हत्या के खुलासे में लगी हैं। कई बिंदुओं पर जांच की जा रही है।
हाल ही में बेची थी दो करोड़ की जमीन
पुलिस के मुताबिक रामकुमार व उसके तीन भाइयों ने सात माह पहले अपनी जमीन का दो करोड़ रुपये में किसी से सौदा किया था। पुलिस जमीन के सौदे में मिली रकम के बारे में छानबीन कर रही है। जमीन के खरीदार से भी पूछताछ की जाएगी। सूत्रानुसार जमीन बिक्री के आधी रकम दी जा चुकी थी, बाकी का भुगतान होना बाकी है, लेकिन रामकुमार के खाते में महज 4.71 लाख रुपये ही जमा हैं।