फर्रुखाबाद। पुलिस ने सोमवार को अनुुपम दुबे के 11.40 लाख रुपये कीमत के दो ट्रैक्टर कुुर्क कर के कोतवाली में खड़े करवा लिए है। पुलिस उनकी कारों की सरगर्मी से तलाश कर रही है।
फतेहगढ़ कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला कसरट्टा निवासी बसपा नेता डॉ. अनुपम दुबे मूल रूप से मोहम्मदाबाद कोतवाली के गांव सहसापुर निवासी हैं। वह गैंगस्टर के मुकदमे में मैनपुरी जेल में बंद हैं। शहर कोतवाली में मुकदमा दर्ज किया गया था। मुकदमे की जांच मऊदरवाजा एसओ आमोद कुमार सिंह कर रहे हैं। डीएम संजय कुमार सिंह ने गैंगस्टर के मुकदमे में बसपा नेता व उनके परिजनों की संपत्ति कुर्क करने के आदेश दिए थे। बसपा नेता का होटल, मोहम्मदाबाद का गेस्ट हाउस, ठंडी सड़क स्थित ब्रिक के प्लांट को पुलिस ने सील कर दिया था। ब्लाक प्रमुख भाई अमित कुमार उर्फ बब्बन की कार, एक बाइक, ट्रैक्टर को कुर्क कर मऊदरवाजा थाने में पुलिस पहले ही खड़ा करवा चुकी है।
भाई डब्बन सहित तीन जिला बदर
मोहम्मदाबाद कोतवाली क्षेत्र के गांव सहसापुर निवासी बसपा नेता डॉ. अनुपम दुबे के भाई अनुराग दुबे उर्फ डब्बन को गुंडा एक्ट में जिला अधिकारी संजय कुमार सिंह ने छह माह के लिए जिला बदर कर दिया है। इसके अलावा राजेपुर थाना क्षेत्र के गांव कड़क्का निवासी चिरागउद्दीन, कायमगंज कोतवाली के गांव रायपुर खास निवासी आरिफ को तीन-तीन माह के लिए जिला बदर किया गया। रविवार को ब्लाक प्रमुख भाई अमित दुबे उर्फ बब्बन को पुलिस ने जिला बदर किया था।