- दिल्ली, फिरोजाबाद, मैनपुरी में नाम बदलकर रह रहा था आरोपी
संवाद न्यूज एजेंसी
फर्रुखाबाद। हत्या में सजायाफ्ता फरार आरोपी को पुलिस ने 23 वर्ष बाद दबोच लिया। दो अन्य को पुलिस ने गैरजमानती वारंट में गिरफ्तार कर लिया। तीनों को कोर्ट में पेश करने के बाद जेल भेज दिया।
कायमगंज कोतवाली क्षेत्र के गांव च्योलारा निवासी रामनरेश के खिलाफ वर्ष 1993 में ग्रामीण की हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया था। 30 अक्तूबर 1996 को काेर्ट ने रामनरेश को आजीवन कारावास की सजा सुनाई। सजा के खिलाफ रामनरेश की ओर से अपील दाखिल की गई। 12 मई 2020 को कोर्ट ने अपील खारिज कर दी। तभी से रामनरेश लगातार फरार चल रहा था। रामनरेश गांव से दिल्ली भागकर चला गया।
दिल्ली में कई वर्ष रहने के बाद जनपद फिरोजाबाद में थाना दक्षिण फिरोजाबाद हुमायूंपुर रहता रहा। पुलिस को जब यहां का सुराग लगा तो रामनरेश पुत्र अरविंद की ससुराल फिरोजाबाद थाना मटसैना गांव जहरपुरा में नाम बदलकर रहने लगा। तीन वर्ष पहले रामनरेश वहां से भागकर जनपद मैनपुरी के थाना ओछा के गांव मदनपुर में मलिखान के नाम से रह रहा था।
सोमवार को कायमगंज एसओ जेपी पाल ने सटीक सूचना पर रामनरेश को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने गैर जमानती वारंट में फरार चल रहे जनपद एटा के थाना अलीगंज के गांव नगला पड़ाव निवासी पूरन व दयाशंकर को भी पकड़ लिया। एएसपी डॉ.संजय कुमार ने पुलिस लाइन के सभागार में इसका खुलासा किया। उन्होंने बताया कि रामनरेश 23 वर्ष से पुलिस को चकमा देकर फरार चल रहा था। सभी आरोपियों को कोर्ट में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया।