फर्रुखाबाद। राष्ट्रीय युवा दिवस पर बरेली में हुई राज्य स्तरीय कराटे प्रतियोगिता में चार स्वर्ण व दो कांस्य पदक जीतकर खिलाड़ियों ने जनपद का नाम रोशन किया। विजेता खिलाड़ियों का वापस आने पर स्वागत किया गया।
राष्ट्रीय युवा दिवस पर खेल विभाग, उत्तर प्रदेश युवा कल्याण एवं प्रांतीय रक्षक दल की ओर से 12 से 14 जनवरी तक राज्य स्तरीय मेजर ध्यानचंद कराटे प्रतियोगिता का आयोजन मुकुंद इंटरनेशनल स्कूल बरेली में हुआ था। प्रतियोगिता में प्रदेश के कई जिलों से आए 400 खिलाड़ियों ने प्रतिभाग किया था।
जनपद से भी आठ खिलाड़ी हिस्सा लेने गए थे। 63 किग्रा. भार वर्ग में देव सिंह, 78 किग्रा. में फैज खान, 58 किग्रा. में सागर दिवाकर व 53 किग्रा. भार वर्ग में अंकित सिंह परिहार ने स्वर्ण पदक जीता। वहीं 59 किग्रा. भार वर्ग में सूर्य प्रताप सिंह और 54 किग्रा. भार वर्ग में आनंद शाक्य ने कांस्य पदक जीते। मंगलवार को पदक जीतकर लौटे इन खिलाड़ियों का जिला ताइक्वांडो के सचिव अजय प्रताप सिंह ने स्वागत करते हुए इनकी बेहतर भविष्य की कामना की।