कायमगंज। बेकाबू पिकअप ने सवारियों से भरे ऑटो और दो बाइकों में टक्कर मार दी। घटना में 10 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को उपचार के लिए सीएचसी में भर्ती कराया गया। गंभीर हालत देखते हुए सभी को लोहिया अस्पताल रेफर कर दिया गया। जहां उपचार के दौरान ऑटो सवार एक महिला की मौत हो गई।
कोतवाली क्षेत्र के गांव रायपुर के पास गुरुवार की सुबह करीब आठ बजे कंपिल की ओर से आ रही पिकअप अनियंत्रित हो गई और सामने से आ रहे ऑटो में जोरदार टक्कर मार दी। इससे ऑटो पलटकर घिसटता चला गया। इसके बाद वहां खड़े दूध विक्रेता व ग्राहकों की बाइक में पिकअप ने टक्कर मार दी। हादसे में गांव रायपुर निवासी 50 वर्षीय मोहम्मद यासीन, उनका दो वर्षीय नाती अर्श, परचून दुकानदार मुनीश, बाइक से दूध बेंच रहे 45 वर्षीय नदीम घायल हो गए।
इसी दौरान मोहल्ला पटवन गली निवासी 45 वर्षीय शेषनाथ व गांव रायपुर निवासी 60 वर्षीय रघुनंदन वहां से गुजर रहे थे। वह भी चपेट में आने से घायल हो गए। ऑटो सवार कंपिल क्षेत्र के गांव रौकरी निवासी मनोज कुमार की 16 वर्षीय पुत्री खुशबू, 30 वर्षीय दिलीप, सिसैया नगला निवासी 35 वर्षीय कर्मवीर, गांव शाहपुर गंगपुर निवासी नन्हें शर्मा की 58 वर्षीय पत्नी रामदेवी व ऑटो चालक मोहल्ला चिलांका निवासी 50 वर्षीय सलीम घायल हो गए।
हादसे के दौरान मौके पर अफरा-तफरी का माहौल हो गया। सूचना पर पुलिस पहुंच गई। ग्रामीणों ने घायलों को एंबुलेंस से सीएचसी पहुंचाया। यासीन, अर्श, नदीम, मुनीश, दिलीप व रामदेवी को लोहिया अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया। उपचार के दौरान लोहिया अस्पताल में रामदेवी की मौत हो गई। घटना के बाद पिकअप चालक मौके से भाग गया। ग्रामीणों ने पिकअप में बैठे एक युवक को पकड़ कर पुलिस के हवाले कर दिया। उसने बताया वह बेकरी पर काम करता है।
हादसे में जान गंवाने वाली रामदेवी दिल्ली में रह रही बेटी के पास रहकर आई थीं। गुरुवार सुबह वह बस से उतरकर ऑटो से अपने घर गांव शाहपुर गंगपुर जा रहीं थीं। घर पहुंचने से पहले ही वह काल के गाल में समा गईं। रामदेवी के दो बेटियां हैं। वे दिल्ली में रहतीं हैं। एक बेटा अनिल है। वह गांव में खेती-बाड़ी का काम करता है।