फर्रुखाबाद। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को आकस्मिक अवकाश के लिए जिलाधिकारी से अनुमति लेनी होगी। इसके साथ ही निदेशक को भी सूचना देने के आदेश दिए गए हैं। वहीं, स्वास्थ्य कर्मियों को अवकाश के लिए मानव संपदा पोर्टल पर ऑनलाइन आवेदन करना अनिवार्य कर दिया गया है।
स्वास्थ्य महानिदेशक दीपा त्यागी ने सीएमओ को जारी आदेश में कहा कि सीएमओ व सीएमएस आकस्मिक अवकाश स्वीकृति के लिए प्रार्थनापत्र मानव संपदा पोर्टल या ईमेल पर भेज रहे हैं। अब आकस्मिक अवकाश की स्वीकृति के लिए आवेदन नियंत्रक अधिकारी को भेजने के साथ उसकी प्रतिलिपि उन्हें व जिलाधिकारी को भी भेजी जाएगी। नियंत्रक अधिकारी द्वारा अवकाश स्वीकृत किया जाएगा, जबकि मंडलीय अपर निदेशक व प्रमुख अधीक्षक को आकस्मिक अवकाश की स्वीकृति निदेशक द्वारा दी जाएगी।
विदित है कि स्वास्थ्य विभाग में लिपिक से लेकर सीएमओ तक मनमाने तरीके से अवकाश लेकर जिले से बाहर चले जाते हैं। एक एसीएमओ को विशेष मेहरबानी के चलते बिना ड्यूटी के ही हर माह वेतन भुगतान किया जा रहा है। लिपिक भी मनमानी ड्यूटी कर रहे हैं।