फर्रुखाबाद। नेकपुर क्रासिंग बंद करने से नाराज स्थानीय लोगों ने रेलवे ट्रैक पर बैठकर जाम लगा दिया। फतेहगढ़ की ओर से आ रही मालगाड़ी को रोक लिया। सूचना पर एसडीएम सदर, सीओ अमृतपुर व कोतवाल ने मौके पर जाकर लोगों को समझाने का प्रयास किया। वह कुछ सुनने को तैयार नहीं थे। इसके बाद आरपीएफ व जीआरपी ने मौके पर जाकर मोर्चा संभाला। भीड़ को ट्रैक से हटाकर पांच युवकों को पकड़ लिया। पांच नामजद सहित कई अज्ञात लोगों के खिलाफ आरपीएफ कोतवाली में मुकदमा दर्ज किया गया।
रेलवे प्रशासन ने कुछ दिनों पहले नेकपुर क्रासिंग संख्या 150 सी को बंद करने की कवायद शुरू कर दी थी। सोमवार को इसके विरोध में मोहल्ले की महिलाएं व युवक रेलवे ट्रैक पर जाम लगाकर बैठ गए। स्थानीय लोगों का कहना था कि दस हजार की आबादी यहां रहती है। सभी लोग क्रासिंग से होकर गुजरते हैं। ऐसे में बिना जांच के क्रासिंग बंद नहीं करनी चाहिए। इसी दौरान फतेहगढ़ की ओर से आ रही मालगाड़ी को जाम लगाए लोगों ने रोक लिया।
सूचना पर एसडीएम गजराज सिंह, सीओ अमृतपुर रवींद्र नाथ राय, कोतवाल सचिन कुमार सिंह मौके पर पहुंचे। जाम लगाए लोगों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन वह सुनने को तैयार नहीं थे। ट्रैक पर जाम होने से फर्रुखाबाद रेलवे स्टेशन पर कासगंज एक्सप्रेस ट्रेन को रोक दिया गया। आरपीएफ व जीआरपी के अधिकारी मौके पर पहुंचे। स्थानीय पुलिस के साथ मिलकर जाम लगाए लोगों को खदेड़ लिया। आरपीएफ ने मोहल्ला नेकपुर चौरासी निवासी दीपक कुमार, विमल सिंह ठाकुर, कमल सिंह, सुनील कुमार, शानू तिवारी को पकड़ लिया।
आरपीएफ कोतवाली में पांच नामजद सहित कई अज्ञात लोगों के खिलाफ रेलवे अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया। आरपीएफ इंस्पेक्टर वीरेंद्र कुमार ने बताया कि नेकपुर क्रासिंग बंद करने का विरोध कर स्थानीय लोगों ने रेलवे ट्रैक पर जाम लगाकर मालगाड़ी को डेढ़ घंटे तक रोके रखा। कासगंज एक्सप्रेस जाम के कारण एक घंटा सात मिनट देरी से रवाना हो सकी। इस मामले में पांच युवकों को गिरफ्तार कर मुकदमा दर्ज किया गया है। मौके पर वीडियो के आधार पर जाम लगाए लोगों की पहचान कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
जवानों ने खड़े होकर क्रासिंग बंद करने का काम करवाया पूरा
स्थानीय लोगों के रेलवे ट्रैक पर जाम लगाने के बाद आरपीएफ के जवान मौके पर तैनात कर दिए गए। रेलवे ने क्रासिंग को बंद करने का काम तेजी से शुरू करवाया। देर शाम तक आरपीएफ व जीआरपी के जवानों की मौजूदगी में क्रासिंग को बंद करने का पूरा कर लिया गया।
रेलवे को जाम लगने से हुआ 30 लाख का नुकसान
क्रासिंग बंद करने के विरोध में नेकपुर के स्थानीय लोगों के द्वारा 1.45 घंटे तक जाम लगाने से मालगाड़ी व कासगंज एक्सप्रेस देरी से रवाना हो सकी। रेलवे के अधिकारियों ने सोमवार देर शाम तक विभाग को जाम लगने से नुकसान का आकलन किया। रेलवे के एक अधिकारी ने नाम न छापने की शर्त पर बताया कि कुल 30 लाख रुपये का नुकसान हुआ है। अभी इस पर आधिकारिक मोहर लगना बाकी है।
ट्रैक जाम करने से सड़क पर लगा जाम
नेकपुर कलां स्थित रेलवे क्रासिंग संख्या 150 सी को बंद करने का विरोध कर रहे लोगों ने ट्रैक जाम कर दिया। पटरी पर बैठी महिलाओं व अन्य को देखने के लिए सड़क पर भीड़ लग गई। वाहनों की कतार सड़क के दोनों ओर लग गई। ऐसे में लोगों को काफी कठिनाई का सामना करना पड़ा। पुलिस के साथ आरपीएफ और जीआरपी के जवानों ने जाम खुलवाया।