फर्रुखाबाद। शहर की घनी बस्ती में एक कुत्ता नवजात बच्चे का सिर ले जाते दिखा। लोगों ने छुड़ा लिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने सिर को कब्जे में लेकर पंचनामा भरा। लोगों को किसी मकान में गर्भपात का धंधा चलने का शक है। पुलिस ने सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली शुरू कर दी है।
कादरीगेट थाने की आवास-विकास चौकी से चंद कदम दूरी पर मोहल्ला बेंडीपुरा में रेलकर्मी मनोज कुमार के मकान के सामने मंगलवार शाम करीब चार बजे मोहल्ले वालों ने कुत्ते को नवजात बच्चे का सिर ले जाते देखा। युवकों ने कुत्ते का पीछा करके उससे सिर छुड़ा लिया।
इसके बाद मोहल्ले के अमर साइमन ने इसकी सूचना चौकी पुलिस को दी। कुछ ही देर में चौकी प्रभारी और थानाध्यक्ष विनोद शुक्ला पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने बच्चे के सिर को कब्जा में लेकर चौकी पर पंचनामा की कार्रवाई पूरी की। मोहल्ले वालों का कहना है कि आसपास कोई अस्पताल भी नहीं है।
आशंका है कि किसी मकान में अवैध गर्भपात का धंधा होता है। वहीं से नवजात को फेंका गया होगा। कुत्तों ने नवजात का अधिकांश धड़ खा लिया। थानाध्यक्ष विनोद शुक्ला ने बताया कि सीसीटीवी कैमरे खंगाले जा रहे हैं। यदि कोई सुराग मिलेगा, तो संबंधित के खिलाफ कार्रवाई होगी।