फर्रुखाबाद। पत्नी का इलाज करा रहे पति की अस्पताल की केबिन में बंद कर पिटाई कर दी गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल पति का लोहिया अस्पताल में इलाज कराया। दो डॉक्टर भाई समेत चार पर मुकदमा दर्ज किया गया है।
शहर के मोहल्ला नरकसा निवासी छोटू की गर्भवती पत्नी काजल का साहबगंज चौराहा स्थित भारत नर्सिंग होम में इलाज चल रहा है। वह मंगलवार को अस्पताल से दवा लेकर आए। शाम को जब दवा खाई, तो पत्नी को चक्कर आने लगे। वह दोबारा अस्पताल दिखाने गए। संचालक डॉ. इमरान ने दवा दी। छोटू अस्पताल के मेडिकल स्टोर पर दवा ले रहे थे, तभी डॉ. इमरान के छोटे भाई डॉ. रिजवान ने केबिन में बुलाया। कहा कि पत्नी को ताकतवर चीजे नहीं खिलाते हो। छोटू ने कहा कि वह सब कुछ खिलाता है। इस पर बहस होने लगी। अचानक रिजवान ने थप्पड़ मारने शुरू कर दिए। वहीं मौजूद सलमान व सारिक ने भी जमकर मारपीट की। उसकी पत्नी दूसरे कमरे में बैठी थीं। छोटू ने पुलिस को सूचना दी। नखास चौकी प्रभारी विद्या सागर तिवारी पहुंचे।
डॉक्टर भाइयों ने छोटू पर गिरेबान पकड़ने का आरोप लगाया। चौकी प्रभारी ने सीसीटीवी फुटेज दिखाने की बात कही, तो इन्कार कर दिया। पुलिस ने पत्नी काजल को लोहिया अस्पताल भिजवाया। छोटू की तहरीर पर डॉ. इमरान, डॉ. रिजवान, सलमान व सारिक पर मुकदमा दर्ज कर लिया है। घायल का डाक्टरी परीक्षण कराया गया।