कमालगंज। गंगा में जलस्तर बढ़ने से महमदगंज मड़ैयन घाट पर पैंटून पुल क्षतिग्रस्त हो गया। पुल के कुछ पटरे पानी में बह गए। इससे हरदोई मार्ग पर आवागमन ठप हो गया।
क्षेत्र को हरदोई मार्ग से जोड़ने के लिए गंगा के महमदगंज मड़ैयन घाट पर पैंटून पुल बना है। कस्बे की गंगा गली व भटपुरा रोड होते हुए आवागमन होता है। शनिवार दोपहर से गंगा में जल स्तर बढ़ना शुरू हुआ। इससे रविवार तड़के कमालगंज की ओर पैंटून पुल की अप्रोच पानी में धसक गई। चार पटरे पानी में लटक गए। कुछ पटरे पानी में बह भी गए। गंगा के उस पार तेरा अकबरपुर की ओर भी अप्रोच में कटान हो रहा है।
पुल से आवागमन ठप होने से नाव से लोग आ-जा रहे हैं। बाइक सहित 40 रुपये किराया लिया जा रहा है। पैदल यात्रियों से 20 व साइकिल सहित 30 रुपये लोगों को देना पड़ रहा है। खुटिया के राधाकृष्ण त्रिवेदी सहित ग्रामीणों ने पुल को सही कराकर जल्द चालू करने की मांग की। पीडब्ल्यूडी के अवर अभियंता अशोक कुमार ने बताया कि रात को अचानक अधिक पानी बढ़ने से अड्डी क्षतिग्रस्त हुई है।
अड्डी को खुलवाकर पानी से स्लीपर निकालवाए जा रहे हैं। तेजी से काम कराकर पुल चालू कराया जाएगा। यदि एक जोड़ी पैंटून बढ़ाने पड़े तो बढ़ा दिए जाएंगे।