संकिसा (फर्रुखाबाद)। छुट्टी नहीं मिलने पर जनपद हाथरस के पीएसी जवान ने एसएलआर से गोली मारकर आत्महत्या कर ली। सिर दर्द से परेशान जवान आगरा में इलाज चल रहा था। वह कई दिनों से छुट्टी मांग रहा था। उसकी छह माह पहले ही शादी हुई थी।
जनपद हाथरस थाना मुरसान धर्मा नगला निवासी सचिन कुमार (28) 28वीं पीएसी इटावा में वर्ष 2019 में भर्ती हुआ था। वह मेरापुर थाना क्षेत्र के संकिसा बौद्ध स्थल पर ड्यूटी करने आया था। वह नगर पंचायत स्थित भदंत विजय सोम इंटर कॉलेज में ठहरा हुआ था। रविवार सुबह उसकी ड्यूटी लगी थी। उसी दौरान कॉलेज में गोली चलने की आवाज सुनाई दी।
प्रभारी दलनायक गोविंद नारायण व साथी जवान दौड़कर पहुंचे। वहां सचिन को खून से लथपथ पड़ा पाया। गोली उसकी गर्दन से होते हुए सिर में लगी थी। उसकी मौके पर ही मौत हो चुकी थी। सूचना पर एसपी विकास कुमार, एएसपी डॉ. संजय कुमार, सीओ कायमगंज सोहराब आलम व फाेरेंसिक टीम ने मौके पर जांच की। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
जानकारी पर पहुंची सिपाही बहन ऋचा व सोनल, मां ललिता, पत्नी अंजली का रो-रो कर बुरा हाल हो गया। बहन सोनल ने बताया कि भाई के कई वर्ष पहले सिर में चोट आई थी। इसके कारण उसके सिर में दर्द होता था। भाई इलाज कराने के लिए कई दिनों से छुट्टी मांग रहा था। छुट्टी नहीं मिलने पर भाई ने एसएलआर से गोली मारकर आत्महत्या कर ली।
भाई सचिन की 1 मई 2023 को गांव पटेनी निवासी अंजली से शादी हुई थी। सीतापुर से आए पीएसी के कमांडेंट संजय कुमार ने बताया कि जवान सचिन 26 अवकाश ले चुका था। 14 अक्तूबर को वह अवकाश से वापस आया था। उसकी चार छुट्टियां ही बची थीं। एसपी विकास कुमार ने बताया कि जवान सचिन की सर्विस एसएलआर से गोली लगने से मौत की जानकारी हुई है। फाेरेंसिक टीम ने मौके पर जांच कर नमूने लिए हैं।