कमालगंज (फर्रुखाबाद)। नायब तहसीलदार ने सोमवार को जंजाली नगला पहुंचकर 24 घंटे में गांव खाली करने की मुनादी कराई। भूमिहीन लोगों को गांव से 600 मीटर दूरी पर छीतापुर कपूरापुर में बसाने के लिए तीन बीघा जमीन चिह्नित कर दी गई है। गांव की मुख्य सड़क कटने से रास्ता बंद हो गया है। लोग खेतों से होकर आ-जा रहे हैं।
बहोरनपुर टप्पाहबेली ग्राम पंचायत के गांव जंजाली नगला में बाढ़ व कटान से हालात और बिगड़ गए हैं। नायब तहसीलदार मोनिका तिवारी, कानूनगो सैदमीर, लेखपाल अभय त्रिवेदी, प्रमोद शुक्ला ने पूरे गांव के कटान की गिरफ्त में आ जाने की आशंका में 24 घंटे में गांव खाली करने की मुनादी कराई। लेखपाल ने बताया कि 61 परिवारों में जो भूमिहीन होंगे, उन्हें मकान बनाने के लिए जमीन दी जाएगी।
कटान में मकान खोने वालों को मिला अनुदान
गंगा की कटान में मकान खोने वाले पीड़ितों को 15 दिन के भीतर 95 हजार रुपये का अनुदान मिल गया। रामसिंह, अनिल, गीता, नन्हीं देवी, प्रेमवती सहित सात लोगों के बैंक खाते में धनराशि पहुंच गई है।