फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Farrukhabad News: 72 अवैध नर्सिंगहोम पर ताला डलवाने का फरमान

Wed, 24 May 2023 11:30 PM IST
कानपुर ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, फर्रूखाबाद
विज्ञापन
विज्ञापन
फर्रुखाबाद। उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक ने लोहिया अस्पताल के निरीक्षण के बाद जिले में चल रहे 72 अवैध नर्सिंगहोम में ताला डलवाने का फरमान सुनाया। झोलाछापों से वसूली पर सीएमओ व नोडल अधिकारी, जबकि मरीजों से दवाई खरीदवाने पर सीएमएस घिर गए। डिप्टी सीएम ने कड़े लहजे में कहा कि लोहिया अस्पताल में यदि एमआर दिख जाए तो सीधे एफआईआर दर्ज कराएं।
विज्ञापन

जनपद में दो दिवसीय भ्रमण पर आए उपमुख्यमंत्री ने शाम को लोहिया अस्पताल का निरीक्षण किया। इमरजेंसी में मात्र एक मरीज भर्ती था। उन्होंने ब्लड बैंक देखने के बाद पीकू वार्ड की भी हकीकत देखी। लेबर रूम का निरीक्षण करने के दौरान वहां मौजूद राजेपुर क्षेत्र के गांव डबरी निवासी महोदेवी से सुविधाओं की जानकारी ली। महादेवी ने बताया कि उन्होंने प्रसव के लिए अपनी पुत्रवधु ज्ञानदेवी को भर्ती कराया। फिलहाल कोई शिकायत नहीं की। इसके बाद उपमुख्यमंत्री ने सीएमएस कक्ष में बैठकर समीक्षा की। सीएमएस डॉ.राजकुमार गुप्ता से कहा कि मरीजों को बाहर से दवाई लिखने की काफी शिकायतें मिल रही हैं, यह आपके लिए अच्छा नहीं है। उन्होंने चेतावनी दी कि कोई भी दवाई बाहर से नहीं लिखी जाएगी। यदि सरकारी दवाई नहीं है तो बजट खर्च कर दवाई मंगवाएं। किसी डॉक्टर के कक्ष में यदि एमआर बैठा मिल जाए तो सीधे एफआईआर दर्ज कराएं। इस बीच सवाल किया गया कि शहर के मसेनी चौराहे पर अवैध अस्पतालों का हब है। सीएमओ झोलाछापों को नोटिस देकर वसूली कराते हैं। 72 अवैध नर्सिंगहोम चल रहे हैं। एक सप्ताह में दो मरीजों की मौत हो चुकी है। इसके बावजूद कार्रवाई के बजाय वसूली का खेल चल रहा है। इस पर उपमुख्यमंत्री का पारा चढ़ गया। उन्होंने सीएमओ डॉ.अवनींद्र कुमार व नोडल अधिकारी डॉ.रंजन गौतम पर नाराजगी जताते हुए सभी अवैध नर्सिंगहोम बंद कराने का अल्टीमेटम दिया। पोस्टमार्टम हाउस में एक्सरे मशीन न होने के बावजूद टेक्नीशियन तैनात होने के सवाल पर सीएमओ ने कहा कि टेक्नीशियन को लोहिया अस्पताल भेज देंगे। अस्पताल से बाहर निकलने के दौरान कोरोना काल में आउटसोर्स पर लगाए गए कर्मचारियों ने ज्ञापन देकर पांच माह से मानदेय न मिलने की शिकायत की।
उपमुख्यमंत्री ने पुलिस लाइन स्थित ट्रांजिट हास्टल का निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि किसी कार्यक्रम के लिए हास्टल में एक हॉल व रसोई का भी निर्माण होना चाहिए। इसके लिए उन्होंने प्रस्ताव भेजने के निर्देश दिए।
विज्ञापन

उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक ने आवास विकास कालोनी स्थित भाजपा कार्यालय में कार्यकर्ताओं से मुलाकात की। निकाय चुनाव में मतगणना के दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं से पुलिस द्वारा मारपीट करने के मामले में कहा कि कार्यकर्ताओं के मान-सम्मान से समझौता नहीं करेंगे। इससे कुछ अधिकारियों पर कार्रवाई की तलवार लटकने के आसार हैं। इस दौरान फतेेहगढ़ मंडल के महामंत्री शिवम दुबे ने तिरंगा भेंटकर उपमुख्यमंत्री का स्वागत किया। पूर्व राज्य मंत्री नरेंद्र सिंह यादव के पुत्र व जिला पंचायत अध्यक्ष मोनिका यादव के भाई सचिन यादव ने उपमुख्यमंत्री को चांदी का मुकुट पहनाकर स्वागत किया। इस पर उपमुख्यमंत्री ने कहा कि सम्मान उन्हें स्वीकार है, लेकिन यह चांदी का मुकुट किसी गरीब की बेटी की शादी में उनकी ओर से दान कर देना। इससे गरीब का भला हो जाएगा। उन्होंने कार्यकर्ताओं को लोकसभा चुनाव में पूरी ताकत से जुटने के लिए कहा। भाजपा जिलाध्यक्ष रूपेश गुप्ता, सांसद मुकेश राजपूत, विधायक मेजर सुनील दत्त द्विवेदी, नागेंद्र सिंह राठौर, पूर्व विधायक कुलदीप गंगवार, डॉ.रजनी सरीन, ठा.वीरेंद्र सिंह आदि मौजूद रहे। संचालन डीएस राठौर ने किया।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें