फर्रुखाबाद। छात्र से मारपीट कर मोबाइल, बाइक व नकदी लूटने के मामले में कोर्ट में आवास विकास चौकी के दो सिपाहियों व होमगार्ड के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने के आदेश दिए है।
जहानगंज थाना क्षेत्र के गांव रूनी चुरसई निवासी छात्र सूर्य प्रताप सिंह उर्फ सूरज चौहान एमबीए की पढ़ाई कर रहा है। 10 अप्रैल को वह रात दस बजे अपने दोस्तों के साथ आवास विकास चौकी के पास बिरयानी की दुकान पर खाना खा रहा था। चौकी का सिपाही संजीव कुमार वहां पहले से मौजूद था। सिपाही संजीव ने सूर्य प्रताप व उसके दोस्तों पर आईपीएल सट्टा खेलने का आरोप लगाया। सिपाही संजीव ने फोन कर साथी सिपाही संजय कुमार व होमगार्ड जितेंद्र को मौके पर बुला लिया। इन लोगों ने सूर्य प्रताप व उसके दोस्तों के साथ मारपीट कर जेब से 637 रुपये , मोबाइल व बाइक लूट ली। विरोध पर तीनों ने जान से मारने की धमकी दी। मामले में थाने व एसपी को प्रार्थना पत्र देने के बाद भी कार्रवाई नहीं की गई। छात्र सूर्य प्रताप ने कोर्ट में प्रार्थना पत्र दिया। कोर्ट ने पुलिस से आख्या मांगी। पुलिस मोबाइल व बाइक के संबंध में कोई रिपोर्ट नहीं दे सकी। कोर्ट ने पूरे मामले की सुनवाई के बाद कादरीगेट एसओ को सिपाहियों व होमगार्ड के खिलाफ लूट का मुकदमा दर्ज करने के आदेश दिए हैंं। छात्र की ओर से वकील आशीष मिश्रा ने दलीले दीं।