फर्रुखाबाद। कर्नाटक विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस के घोषणा पत्र में बजरंग दल को आतंकी संगठन से जोड़ने का विरोध किया गया। बजरंग दल के पदाधिकारियों ने राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन भेजने के बाद कोतवाली में तहरीर दी है।
फतेहगढ़ के रोडवेज वर्कशाप के सामने बजरंग दल के जिला संयोजक अभिषेक व राहुल सिंह के नेतृत्व में कार्यकर्ता एकत्र हुए। वहां से हाथों में ‘सेेवा, सुरक्षा, संस्कार, देश का बल बजरंग दल’ नारे लिखी हुई तख्तियां लेकर जय श्री राम के नारे लगाते हुए कलक्ट्रेट तक गए। उन्होंने राष्ट्रपति को संबोधित भेजे ज्ञापन में कहा कि कांग्रेस पार्टी ने 10 मई को होने वाले कर्नाटक विधानसभा चुनाव के लिए मंगलवार को घोषणा पत्र जारी किया है। जिसमें राष्ट्रवादी संगठन बजरंग दल को पीएफआई जैसे आतंकी संगठन से जोड़ा गया है। उन्होंने घोषणा पत्र पर बैन लगाने के साथ कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष, कांग्रेस प्रवक्ता व कर्नाटक के पूर्व मुख्यमंत्री के खिलाफ हिंदुओं की भावनाएं आहत करने में मुकदमा दर्ज कराने की मांग की। फतेहगढ़ कोतवाली पहुंचकर कोतवाल सचिन सिंह को मुकदमा दर्ज करने के लिए तहरीर दी। इस दौरान राहुल सिंह, पवन, अनूप, सरवन, सचिन, अनुज सिंह, प्रशांत अंकुर आदि मौजूद रहे।