फर्रुखाबाद। रोडवेज बस में बिना टिकट के सात यात्रियों को ले जाने में एआरएम ने परिचालक को निलंबित कर दिया है। बस का नवाबगंज के पास निरीक्षण किया गया था। परिचालक ने इन यात्रियों से किराया वसूलने के बाद भी टिकट नहीं दी।
रोडवेज डिपो की निरीक्षण टीम ने 23 अक्तूबर को शाम करीब पौने चार बजे एटा जा रही बस को नवाबगंज के पास रोक लिया था। जांच के दौरान पाया कि इसमें दो यात्री फर्रुखाबाद से कायमगंज और पांच यात्री फर्रुखाबाद से फैजबाग के बिना टिकट यात्रा कर रहे हैं। इन यात्रियों से परिचालक हिमांशु बाजपेई ने किराया ले लिया था। निरीक्षण टीम की आख्या मिलने के बाद सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक (एआरएम) ने परिचालक को निलंबित कर दिया। कहा कि आधा वेतन देय होगा। परिचालक के इस कृत्य से डिपो की छवि धूमिल हो रही है।