फर्रुखाबाद। रोडवेज बस के पहिए के नीचे आने से संविदा परिचालक की मौत हो गई। बस में चढ़ते समय पैर फिसलने से हादसा हो गया। परिजनों का रो-रो कर हाल बेहाल हो गए।
मऊदरवाजा थाना क्षेत्र के गांव गंगोली के मूल निवासी संविदा परिचालक बृजेश कुमार (50) शहर कोतवाली के मोहल्ला मेमरान टैगोर के मकान में रहते थे।
वह दिल्ली मार्ग की बस लेकर बुधवार शाम को फतेहगढ़ स्थित वर्कशाप में पहुंचे।
वहां बस खड़ी करने के बाद मिलेट्री चौराहे के पास पहुंचे। वहां पीछे आई बस पर चढ़ते समय उनका पैर फिसल गया।
इससे वह गिर पड़े और उसी बस के पहिए के नीचे चले गए। पहिया ऊपर से निकलने से वह गंभीर रूप से घायल हो गए।
पिकेट ड्यूटी पर मौजूद सिपाही बृजेेश को लोहिया अस्पताल लेकर पहुंचे। डॉक्टर ने बृजेश को मृत घोषित कर दिया।
जानकारी पर पत्नी नीलम, बेटी कनक, आशी, पुत्र अजय व भाई राजकुमार, अनिल, विनोद लोहिया अस्पताल पहुंचे तो वहां चीत्कार मच गया।
एआरएम आरसी यादव लोहिया अस्पताल पहुंचे। उन्होंने बताया कि जिस बस से दुर्घटना हुई है वह रोडवेज अड्डे पर खड़ी करवा ली है।