फर्रुखाबाद। बदायूं-फर्रुखाबाद मार्ग पर दो बाइकों की भिड़ंत में वृद्धा और एक युवक घायल हो गए। घायलों को लोहिया अस्पताल लाया गया, जहां युवक को मृत घोषित कर दिया, जबकि वृद्धा की इलाज के दौरान मौत हो गई।
कलान थाना क्षेत्र के गांव मलेवा निवासी मटरू अपनी बहन कुसुमा देवी (60) को बाइक से लेकर गांव उदिया बारा जा रहे थे। वह बाइक को जखिया गांव के पास सड़क किनारे खड़ी कर रहे थे, तभी तेज रफ्तार एक बाइक ने टक्कर मार दी। इससे कुसुमा देवी काफी दूर जा गिरीं। उन्हीं के ऊपर युवक भी बाइक समेत जा गिरा। दोनों घायलों को पहले कलान अस्पताल ले जाया गया। हालत गंभीर होने पर लोहिया अस्पताल लाए। यहां कलान थाने के गांव बाराकलां निवासी गोविंद (20) को मृत घोषित कर दिया गया, जबकि कुसुमा की इलाज के दौरान एक घंटे बाद मौत हो गई। गोविंद तीन भाई धर्मवीर व शेखर में सबसे बड़ा था। उसके छह बहनें थीं। वह हेलमेट नहीं लगाए था। कुसुमा देवी के पुत्र दलवीर, पप्पू, मुलायम व गुरुदेव हैं। चार बेटियों में तीन की शादी हो चुकी है। परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है।