नवाबगंज। अज्ञात वाहन की टक्कर से घायल वृद्ध की इलाज के दौरान मौत हो गई। परिजनों ने थाने में तहरीर दे दी है।
थाना क्षेत्र के गांव हईपुर निवासी अजय पाल (60) सोमवार शाम अपने पुत्र अमित के साथ फर्रुखाबाद में शादी समारोह से घर लौट रहे थे। रास्ते में गांव महमदपुर के पास वह सड़क किनारे लघुशंका कर रहे थे। उसी समय सामने से आ रही तेज रफ्तार कार ने टक्कर मार दी। चालक वाहन लेकर फरार हो गया। पुत्र अमित ने वृद्ध को लोहिया अस्पताल में पहुंचाया। इलाज के दौरान आधी रात को उनकी मौत हो गई। अमित ने बताया कि अज्ञात कार चालक के खिलाफ तहरीर दी गई है। (संवाद)