फर्रुखाबाद। कलक्ट्रेट सभागार में सोमवार शाम जिलाधिकारी ने आईजीआरएस पोर्टल पर आने वाली शिकायतों के निस्तारण की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि शिकायतों का सही निस्तारण न होने पर संबंधित अधिकारी के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
जिलाधिकारी संजय कुमार सिंह ने अधिकारियों के साथ बैठक कर आइजीआरएस शिकायतों की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि सभी अधिकारी शिकायत का निस्तारण करने से पहले शिकायतकर्ता से बात अवश्य कर लें। निस्तारण आख्या स्वयं देखने के बाद ही पोर्टल पर अपलोड करें। इससे शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण निस्तारण हो सके।
जिलाधिकारी ने कहा कि आईजीआरएस पोर्टल पर डिफाल्टर न होने दें। शिकायतों का समय से निस्तारण करें। शिकायतों के निस्तारण में अनियमितता पाए जाने पर संबंधित अधिकारी व कर्मचारी की जिम्मेदारी तय करते हुए कार्रवाई की जाएगी। अपर जिलाधिकारी सुभाष चंद्र प्रजापति व सभी विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।